दौसा जिले में नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण के तहत कल यानी बुधवार (9 सितंबर) को 6 नगर पालिकाओं में मतदान होगा। बांदीकुई, बसवा, महवा, मंडावर, सिकराय और भाण्डारेज नगर पालिकाओं में मतदाता अपने वार्ड के प्रत्याशी के लिए वोट डालकर शहर की सरकार चुनेंगे। इन सभी निकायों में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। जिले के बाकी 5 निकायों में 11 सितंबर को वोट डाले जाएंगे। सभी निकायों के चुनाव की मतगणना 14 सितंबर को होगी। पहले चरण में होने वाले इन 6 निकायों में कुल 1 लाख 23 हजार 808 मतदाता हैं। इनके वोट से 915 प्रत्याशियों की किस्मत तय होगी। इनमें सबसे ज्यादा प्रत्याशी बांदीकुई नगर पालिका में 235 हैं, जबकि सबसे कम प्रत्याशी सिकराय नगर पालिका में 90 चुनाव मैदान में हैं।