नगरीय निकाय आम चुनाव के तहत दौसा जिले में दूसरे चरण का मतदान पूरा हुआ। इस दौरान एक बूथ पर 6 लोग एक साथ नजर आए तो एसपी पीयूष दीक्षित ने सभी को बाहर बुलाया। दौसा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 54 के पोलिंग बूथ आईटीआई केंद्र पर एक महिला फर्जी मतदान करने पहुंची जिसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। दरअसल, दो महिलाएं एक साथ वोट देने पहुंची तो आईडी कार्ड जांच के दौरान एक उम्मीदवार के एजेंट ने ऑब्जेक्शन किया। दौसा नगर परिषद के मतदान केंद्र संख्या 79 पर सांसद मुरारी लाल मीना मतदान करने पहुंचे। इस दौरान उनके मीडिया प्रभारी उमाशंकर भी परिवार के साथ मतदान करने पहुंचे। इसी दौरान भाजपा प्रत्याशी के बूथ एजेंट ने कांग्रेस मीडिया प्रभारी की बेटी पर फर्जी मतदान करने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। मतदान केंद्र के अंदर काफी देर तक हंगामा हुआ। भाजपा प्रत्याशी योगेश शर्मा की सांसद मुरारीलाल से तीखी बहस हुई। इसी बीच पोलिंग बूथ पर तैनात पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव करते हुए मामला शांत कराया। सूचना पर थाना इंचार्ज युधिष्ठिर जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और समझाइश की। दौसा नगर परिषद के वार्ड नंबर 52 के जिला परिषद स्थित मतदान केंद्र पर कांग्रेस उम्मीदवार मंजू बाई के पति रविन्द्र ने निर्दलीय उम्मीदवार के परिजनों पर फर्जी मतदान करवाने का आरोप लगाया। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। इतना हुआ मतदान देखें वोटिंग की तस्वीरें…