डीग पुलिस ने साइबर ठगों के खिलाफ 'ऑपरेशन काउंटडाउन' चलाया है। इस अभियान के तहत पुलिस ने 14 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है, जबकि 3 नाबालिगों को भी डिटेन किया गया है। पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के. के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 24 मोबाइल फोन, 21 फर्जी सिम कार्ड, 3 बाइक, एक थार गाड़ी, दो बोलेरो, 8 एटीएम कार्ड और 1.40 लाख रुपए नकद जब्त किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, यह अभियान गोपालगढ़ और जुरहरा थाना पुलिस ने मिलकर चलाया। बरामद मोबाइल और फर्जी सिम के बारे में पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। गोपालगढ़ थाना पुलिस ने 4 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 11 मोबाइल फोन, 5 फर्जी सिम कार्ड, 8 एटीएम कार्ड और एक थार गाड़ी जब्त की गई। जुरहरा थाना पुलिस ने पहली कार्रवाई में 3 साइबर ठगों को पकड़ा। इनके कब्जे से 3 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 4 फर्जी सिम कार्ड और एक बोलेरो गाड़ी बरामद हुई। दूसरी कार्रवाई में जुरहरा पुलिस ने 7 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया और 3 नाबालिगों को भी पकड़ा। इनके पास से 10 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 21 फर्जी सिम कार्ड, 3 मोटरसाइकिल, एक बोलेरो गाड़ी और 1.40 लाख रुपए नकद मिले। पुलिस ने बताया कि साइबर अपराध के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। साइबर ठगी में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।