डीग जिले में साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन काउंटडाउन' के तहत पुलिस ने एक अंतरराज्यीय गैंग का खुलासा किया है। यह गैंग साइबर ठगों को फर्जी बैंक खाते और सिम कार्ड उपलब्ध कराती थी। पुलिस ने गैंग के सरगना समेत 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 24 मोबाइल फोन (27 सिम कार्ड के साथ), 54 अन्य सिम कार्ड, 37 खाली सिम रेपर और एक लैपटॉप बरामद किया है। इसके अलावा 10 एटीएम कार्ड, 6 बैंक पासबुक, 2 चेकबुक और 1 फर्जी आधार कार्ड भी मिला है। आरोपियों के पास से 85 हजार 600 रुपए नकद भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने ठगी की रकम से खरीदी गई 4 महंगी गाड़ियां भी जब्त की हैं। इनमें स्कॉर्पियो, थार, क्रेटा और एक बुलेट बाइक शामिल हैं। साइबर ठगों को 500 बैंक खाते और 1500 फर्जी सिम कार्ड दिए पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गैंग एक चेन बनाकर काम करती थी। गैंग के सदस्य फर्जी बैंक खाते और सिम कार्ड तैयार कर साइबर ठगों तक पहुंचाते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने राजस्थान और हरियाणा में सक्रिय साइबर ठगों को अब तक करीब 500 बैंक खाते और 1500 फर्जी सिम कार्ड दिए हैं। जांच के दौरान आरोपियों के पास से 200 से ज्यादा म्यूल बैंक खातों का रिकॉर्ड भी मिला है। पुलिस इन खातों से हुई साइबर ठगी की रकम के लेनदेन की जांच कर रही है।