डीग जिले में साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन काउंटडाउन' के तहत पुलिस ने कार्रवाई की है। एसपी कांबले शरण गोपीनाथ के निर्देश पर यह एक्शन लिया गया। थाना सीकरी और खोह पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 16 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा 3 नाबालिगों को भी पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 13 एंड्रायड मोबाइल फोन, 8 फर्जी सिम कार्ड, 1 एटीएम कार्ड और 3 बोलेरो गाड़ियां जब्त की हैं। ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर लोगों को ठगते थे गिरफ्तार किए गए कुछ आरोपी पुराने सिक्के और ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे। वहीं, कुछ अन्य आरोपी ऑनलाइन साइबर ठगी, सेक्सटॉर्शन और ब्लैकमेलिंग के जरिए लोगों से पैसे ऐंठने में शामिल थे। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर साइबर ठगी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।