एसपी रोशन मीणा ने मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित मीटिंग हॉल में छह घंटे चली अपराध समीक्षा बैठक ली। उन्होंने जिले की कानून-व्यवस्था और पुलिस कार्रवाई की समीक्षा की। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, वृत्ताधिकारी, थानाधिकारी को बेहतर कानून-व्यवस्था के लिए निर्देश दिए। एसपी ने अधिकारियों से कहा कि लंबित प्रकरणों का निर्धारित समयावधि में निस्तारण करें। पुराने मामलों की नियमित समीक्षा करें। अनावश्यक देरी न करें। एसपी ने कहा कि गंभीर अपराधों में केस ऑफिसर योजना के तहत प्रभावी निगरानी रखी जाए। अनुसंधान की गुणवत्ता के साथ समयबद्ध कार्रवाई की जाए। इससे पीड़ितों को जल्द न्याय मिल सके। महिला, बाल एवं यौन अपराधों में शिकायत मिलते ही त्वरित कार्रवाई हो। अवैध बजरी खनन, परिवहन और भंडारण की रोकथाम के लिए संवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित करने के निर्देश दिए। अवैध परिवहन के संभावित मार्गों पर नियमित निगरानी और चेकिंग के निर्देश दिए। इसी प्रकार साइबर अपराध और ठगी के मामलों में तत्काल संज्ञान लेने को कहा। तकनीकी और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर अनुसंधान के निर्देश दिए। संदिग्ध खातों और लेन-देन की जांच पर जोर दिया। बैठक में न्यायालयों से प्राप्त ई-समन और ई-वारंट की समय पर तामील करने के निर्देश दिए। संगठित अपराध में शामिल गिरोहों और उनके नेटवर्क की पहचान करने को कहा।