कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता सौरव दास ने एक बड़ा आरोप लगाते हुए दावा किया है कि उन्हें विदेश जाने से रोका गया है। सौरव दास का कहना है कि उन्हें ब्रिटेन के ऑक्सफोर्ड यूनियन में एक लेक्चर के लिए आमंत्रित किया गया था, लेकिन दिल्ली एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन काउंटर के दौरान उन्हें फ्लाइट में चढ़ने की अनुमति नहीं दी गई।
ऑक्सफोर्ड यूनियन में थी पैनल चर्चा
आधिकारिक लिस्टिंग के अनुसार, आगामी 1 दिसंबर को ऑक्सफोर्ड यूनियन में 'कॉकरोच मूवमेंट' विषय पर एक पैनल चर्चा निर्धारित है। इस कार्यक्रम के लिए CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके और सौरव दास दोनों को आमंत्रित किया गया था। यह चर्चा दोपहर 2 बजे से 3 बजे के बीच होनी थी। गौरतलब है कि ऑक्सफोर्ड यूनियन एक स्वतंत्र डिबेटिंग सोसाइटी है, जो ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी का ही एक हिस्सा है।
सौरव दास ने क्या आरोप लगाए?
सौरव दास के अनुसार, उनकी फ्लाइट रात 1 बजे थी, लेकिन एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें रोक दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर दावा किया कि उन्हें ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, एलएसई (LSE) और एडिनबर्ग जैसे प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों से 'कॉकरोच मूवमेंट' पर व्याख्यान देने के लिए निमंत्रण मिले थे, लेकिन सरकार उन्हें इन कार्यक्रमों में शामिल होने से रोकने का प्रयास कर रही है।
CJP ने जताई नाराजगी
सौरव दास के दावे के बाद CJP संस्थापक अभिजीत दिपके ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। दिपके का कहना है कि सरकार शिक्षित लोगों की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है। वहीं, CJP की लीगल हेड रत्ना सिंह ने भी सौरव दास का समर्थन किया। उन्होंने बताया कि उन्हें और सौरव दास दोनों को निमंत्रण मिला था, लेकिन कुछ दिन पहले उनका वीजा भी रिजेक्ट कर दिया गया था। पार्टी ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक बताया है।