नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने असम के बारपेटा से छह लोगों को गिरफ़्तार किया है। इन पर जिहादी गतिविधियों में शामिल होने और युवाओं को कट्टरपंथी बनाकर इस्लामिक कट्टरपंथी संगठनों में शामिल करने की कोशिश करने का आरोप है। एजेंसी ने सोमवार रात हाउली, बारपेटा रोड और सोरभोग पुलिस थानों के अधिकार क्षेत्र वाले इलाकों में तलाशी अभियान शुरू किया। छापेमारी के दौरान, NIA ने सोरभोग पुलिस थाना क्षेत्र से तीन, बारपेटा रोड से दो और हाउली से एक व्यक्ति को अरेस्ट किया। इन लोगों की पहचान सोरभोग के फारूक अब्दुल्ला, जाकिर हुसैन और चांदबार अली; बारपेटा रोड के मुस्तफिज़ुर रहमान; निशुका के याकूब अली और हाउली के जशीहाटीपारा गांव के रकीबुल इस्लाम के तौर पर हुई है। आज की अन्य बड़ी खबरें… भास्कर अपडेट्स:जम्मू-कश्मीर के कठुआ में CISF जवानों ने साथियों पर फायरिंग की, 4 जवान घायल कठुआ में CISF कैंप में जवान ने अपने साथी जवानों पर फायरिंग की। इसमें 4 जवान घायल हो गए। घटना के कारणों की जांच की जा रही है। घायलों में एक असिस्टेंट कमांडेंट और एक इंस्पेक्टर शामिल है। घटना बसोली के माशका इलाके में सेवा पावर प्रोजेक्ट में सीआईएसएफ कैंप की है। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और जांच शुरू की है। RSS के सीनियर प्रचारक और 'बालगोकुलम' के फाउंडर एमए कृष्णन का 97 साल की उम्र में निधन RSS के सीनियर प्रचारक और 'बालगोकुलम' के फाउंडर M A कृष्णन का मंगलवार को कोच्चि के एक अस्पताल में निधन हो गया। वे 97 साल के थे। 'बालगोकुलम' पूरे केरल में जन्माष्टमी शोभा यात्राओं का आयोजन करता है। संघ के सूत्रों के मुताबिक, यहां RSS कार्यकर्ताओं के बीच 'M A सर' के नाम से मशहूर कृष्णन का इलाज के दौरान अमृता अस्पताल में निधन हुआ। एंटीलिया बम केस में बर्खास्त पुलिसकर्मी सचिन वझे को जमानत, कोर्ट बोला-आतंकी मामला नहीं मुंबई की अदालत ने एंटीलिया बम केस में बर्खास्त पुलिस अधिकारी सचिन वझे को जमानत दे दी। कोर्ट ने कहा कि पहली नजर में उनके खिलाफ आतंकवाद का मामला बनता नहीं दिखता। मुंबई में बिजनेसमैन मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया के बाहर 25 फरवरी 2021 को एक SUV मिली थी। इसमें 20 जिलेटिन की छड़ें और धमकी भरा लेटर था। यह गाड़ी कारोबारी मनसुख हिरेन के पास थी। इसके कुछ दिन बाद 5 मार्च 2021 को मनसुख हिरेन का शव ठाणे की एक खाड़ी में मिला। मामले की जांच NIA ने की। जांच में बर्खास्त पुलिस अधिकारी सचिन वझे समेत कई लोगों को आरोपी बनाया गया। NIA ने आरोप लगाया था कि वझे की भूमिका एंटीलिया के बाहर विस्फोटक वाली गाड़ी रखने और बाद में मनसुख हिरेन की हत्या की साजिश में थी। महाराष्ट्र PSC ने 3 परीक्षाएं टालीं, 3 अक्टूबर की स्टेट सर्विसेज मेन्स भी शामिल; 2025 की कॉपियां दोबारा जांचेंगी महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग यानी MPSC ने 3 अक्टूबर से होने वाली स्टेट सर्विसेज मेन एग्जाम 2026 टाल दी है। इसके साथ ही सिविल इंजीनियरिंग मेन एग्जाम 2026 और ग्रुप-बी अराजपत्रित मेन एग्जाम 2026 भी स्थगित कर दी गई हैं। आयोग ने बताया कि इन परीक्षाओं की नई तारीखें बाद में घोषित की जाएंगी। उम्मीदवारों और छात्र संगठनों ने 2025 की स्टेट सर्विसेज मेन एग्जाम की कॉपियों की जांच पर सवाल उठाए थे। इसके बाद आयोग ने 2025 की कॉपियों की दोबारा जांच करने का फैसला लिया है। कलकत्ता हाईकोर्ट ने नंदीग्राम से कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को अंतरिम जमानत दी कलकत्ता हाईकोर्ट ने नंदीग्राम से कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को सभी 6 मामलों में अंतरिम जमानत दे दी है। उनके वकील ने नंदीग्राम और खेजुरी में दर्ज इन छह मामलों में जमानत के लिए हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। मिलन नंदीग्राम उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार हैं। उनके खिलाफ 11 मामले दर्ज हैं। इनमें से 5 मामलों में उन्हें गिरफ्तार किया गया है। हल्दिया सब-डिविजनल कोर्ट ने 19 सितंबर को उन्हें 4 मामलों में 3 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा था। ये मामले 2007 के नंदीग्राम से जुड़े हैं। कांग्रेस शासित राज्यों के CM के साथ राहुल गांधी की आज बैठक, शिक्षा व्यवस्था पर करेंगे चर्चा दिल्ली में आज दोपहर 3 बजे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक करेंगे। कांग्रेस ने राज्यों के मुख्यमंत्रियों से उनके यहां शिक्षा की स्थिति और व्यवस्था से जुड़ी जानकारी मांगी थी। आज बैठक में उसी रिपोर्ट पर चर्चा होगी। साथ ही राज्य स्तर पर शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के तरीकों पर भी बात की जाएगी। तमिलनाडु में महिला हेड कॉन्स्टेबल की मौत, सरकारी अस्पताल में दो गुटों की लड़ाई रोकने पहुंची थीं, धक्का लगने से सिर में चोट तमिलनाडु के परमकुडी सरकारी अस्पताल में दो गुटों की लड़ाई रोकने के दौरान एक महिला हेड कॉन्स्टेबल की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, 35 साल की कनाकी कनाकी रामनाथपुरम जिले के पार्थिबनूर थाने में तैनात थीं और परमकुडी सरकारी अस्पताल में ड्यूटी पर थीं। सोमवार देर रात झगड़े में घायल कुछ युवक इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों गुटों के लोग अस्पताल परिसर में फिर भिड़ गए। लड़ाई रोकने के लिए कनाकी ने बीच-बचाव किया। पुलिस के मुताबिक, करुप्पु राजा नाम के युवक ने उन्हें जोर से धक्का दिया। इससे वह पीछे की ओर गिर गईं और सिर में गंभीर चोट लग गई। गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए भर्ती कराया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर रामनाथपुरम के एसपी जी. चंडीश और परमकुडी के डीएसपी सुगुमारन अस्पताल पहुंचे और जांच की। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया था। तमिलनाडु में प्राइवेट बस ऑपरेटरों की 24 घंटे हड़ताल, किराया बढ़ाने की मांग, महिलाओं की फ्री यात्रा योजना का विरोध तमिलनाडु में निजी बस ऑपरेटर 29 सितंबर की रात से 30 सितंबर की रात तक 24 घंटे की हड़ताल करेंगे। वे यात्री किराया बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। हालांकि, चेन्नई, मदुरै, नागरकोइल और ऊटी में हड़ताल नहीं होगी। फेडरेशन के मुताबिक, राज्य में करीब 7 हजार निजी बसें चलती हैं। ऑपरेटरों का कहना है कि डीजल और स्पेयर पार्ट्स महंगे होने से उन्हें नुकसान हो रहा है। 2018 में आखिरी बार किराया बढ़ाया गया था। तब डीजल ₹64 प्रति लीटर था, जबकि अब इसकी कीमत ₹100 से ज्यादा है। ऑपरेटर 2 अक्टूबर से महिलाओं की मुफ्त यात्रा योजना के विस्तार का भी विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि सरकारी बसों को इस योजना के लिए सब्सिडी मिलती है, लेकिन निजी बसों को नहीं। उन्होंने निजी बसों में भी योजना लागू करने और सरकार से सब्सिडी देने की मांग की है। कोलकाता में 15 ठिकानों ED रेड, दुर्गा पूजा प्रीव्यू शो के फंड में गड़बड़ी का मामला; पूर्व मंत्री इंद्रनील भी जांच के दायरे में कोलकाता में ईडी की टीम ने पीएमएलए, 2002 की धारा 17 के तहत 15 ठिकानों पर तलाशी और जब्ती की कार्रवाई की। यह कार्रवाई मासआर्ट (महानिर्वाण रोड मास आर्ट सोसाइटी) की ओर से दुर्गा पूजा के ‘प्रीव्यू शो’ आयोजित करने में वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ी है। ईडी के मुताबिक, मासआर्ट ने कथित तौर पर खुद को यूनेस्को से जुड़ी संस्था बताकर आम लोगों से बड़ी रकम जुटाई। फिर इसका इस्तेमाल निजी फायदे के लिए किया गया। ईडी की इस कार्रवाई में कई लोगों और संस्थाओं से जुड़े ठिकाने शामिल हैं। इनमें पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन और उनके करीबी सहयोगी भी शामिल हैं। दिल्ली- चौथी मंजिल से गिरने के बाद महिला की मौत, परिवार ने हत्या का आरोप लगाया दिल्ली के बुराड़ी इलाके में 40 साल की महिला की एक इमारत की चौथी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। महिला के परिवार ने उसके पति और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस के मुताबिक, घटना रविवार सुबह संत नगर के चेतन बिहारी मंदिर के पास हुई। महिला की शादी पंकज से करीब 14 साल पहले हुई थी। परिवार का आरोप है कि दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था और पंकज ने अतीत में महिला के साथ कई बार मारपीट की थी। पुणे में नाबालिग से यौन शोषण का आरोपी अरेस्ट पुणे पुलिस ने 12 साल की बच्ची के यौन उत्पीड़न के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, 22 सितंबर को एक डॉक्टर ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। बच्ची अपनी मां के साथ डॉक्टर के पास गई थी। जांच के दौरान डॉक्टर को यौन उत्पीड़न का शक हुआ जिसके बाद पुलिस ने मां-बेटी से पूछताछ की। तब जानकारी सामने आई।