दिल्ली हाईकोर्ट ने मंगलवार को अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सौरभ भारद्वाज और आम आदमी पार्टी (AAP) के अन्य नेताओं को कड़ी फटकार लगाई है। कोर्ट ने एक अवमानना मामले में इन नेताओं को अपना जवाब दाखिल करने के लिए तीन हफ्ते का आखिरी मौका दिया है।
जस्टिस नवीन चावला और जस्टिस अरुण भारद्वाज की डिवीजन बेंच ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर जवाब दाखिल नहीं किया जाता है, तो नेताओं का जवाब दाखिल करने का अधिकार समाप्त कर दिया जाएगा। यह मामला जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा के खिलाफ की गई टिप्पणियों और उन्हें दिल्ली आबकारी नीति मामले की सुनवाई से हटाने की मांग से जुड़ा है।
क्या है पूरा मामला?
हाईकोर्ट ने इसी साल 14 मई को सोशल मीडिया पोस्ट और समाचार रिपोर्टों का संज्ञान लेते हुए स्वतः (suo motu) यह अवमानना कार्यवाही शुरू की थी। अरविंद केजरीवाल ने 13 अप्रैल को दिल्ली शराब घोटाले की सुनवाई के दौरान आरोप लगाया था कि जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े एक संगठन के कार्यक्रम में शामिल हो चुकी हैं।
केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि उनके (जस्टिस शर्मा) आदेशों में एक खास पैटर्न दिखता है, जिसमें प्रवर्तन निदेशालय (ED) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के हर तर्क को स्वीकार कर लिया जाता है। इन्हीं आरोपों के बाद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, दुर्गेश पाठक, विजय नायर, अरुण पिल्लई और चनप्रीत सिंह रायट ने उन्हें केस से हटाने की मांग की थी।
आबकारी नीति मामले की पृष्ठभूमि
गौरतलब है कि ट्रायल कोर्ट ने 27 फरवरी को आबकारी नीति मामले में अरविंद केजरीवाल सहित 23 आरोपियों को बरी कर दिया था। इस आदेश को CBI ने दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। वर्तमान में जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा इस याचिका पर सुनवाई कर रही हैं।
सुनवाई के दौरान जस्टिस शर्मा ने 9 मार्च को ट्रायल कोर्ट के आदेश के उस हिस्से पर रोक लगा दी थी, जिसमें जांच अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की बात कही गई थी। साथ ही, उन्होंने प्राथमिक तौर पर यह भी टिप्पणी की थी कि ट्रायल कोर्ट की कुछ टिप्पणियां गलत थीं और मामले में मनी लॉन्ड्रिंग (PMLA) की कार्यवाही को स्थगित करने का निर्देश दिया था।
दिल्ली आबकारी नीति विवाद में अरविंद केजरीवाल करीब 156 दिन और मनीष सिसोदिया 530 दिन तक जेल में रहे थे।