कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गुरुवार को दिल्ली में आयोजित एक समारोह में 2025 का 'इंदिरा गांधी शांति, निरस्त्रीकरण और विकास पुरस्कार' मोजाम्बिक की सामाजिक कार्यकर्ता ग्रासा माशेल को प्रदान किया। इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि किसी भी देश की असली ताकत उसके लोग होते हैं।
सोनिया गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को याद करते हुए कहा कि उनका मानना था कि शांति, आजादी और विकास एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। उन्होंने जोर दिया कि राजनीतिक आजादी का वास्तविक लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े गरीब और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचना अनिवार्य है।
ग्रासा माशेल के योगदान को सराहा
पुरस्कार समारोह में सोनिया गांधी ने ग्रासा माशेल के जीवन और उनके कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि माशेल का कार्य इंदिरा गांधी के विचारों और मूल्यों का प्रतिबिंब है। मोजाम्बिक की आजादी की लड़ाई से लेकर महिलाओं और बच्चों के अधिकारों के लिए उनके संघर्ष ने मानवीय सहायता अभियानों को नई दिशा दी है।
शांति का अर्थ केवल संघर्ष का अंत नहीं
सोनिया गांधी ने शांति की परिभाषा को विस्तार देते हुए कहा कि शांति का अर्थ केवल संघर्ष या युद्ध का रुक जाना नहीं है। इसका मतलब यह भी है कि संघर्ष से प्रभावित समुदायों को फिर से अपना जीवन शुरू करने का अवसर मिले और वे बेहतर भविष्य की ओर बढ़ सकें।
उन्होंने कहा, 'नेतृत्व का अर्थ केवल सत्ता संभालना नहीं, बल्कि अन्याय के खिलाफ खड़े होने का साहस दिखाना और सकारात्मक बदलाव लाने के प्रति प्रतिबद्ध रहना है।' सोनिया गांधी ने विश्वास जताया कि ग्रासा माशेल का जीवन और कार्य भविष्य में भी समाज को एक ऐसी दुनिया बनाने के लिए प्रेरित करता रहेगा, जहां हर महिला और हर बच्चा सम्मान और अवसरों के साथ जी सके।