अलवर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार रात और शनिवार सुबह दो अलग-अलग सड़क हादसे हुए। इनमें में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। दोनों हादसे रैणी थाना क्षेत्र में हुए। पहला हादसा शुक्रवार देर रात 11 बजे पिनान के पास हुआ। रैणी थाना एसएचओ बने सिंह ने बताया कि तीन स्लीपर बसें दिल्ली से उदयपुर स्थित श्रीनाथजी जा रही थीं। एक बस की लाइट का फ्यूज खराब होने के कारण उसे एक्सप्रेसवे पर रोक दिया गया था। इसे देखकर पीछे चल रही दूसरी बस भी रुक गई। दूसरी बस का कंडक्टर भारत (18) पुत्र सुरेश कुमार निवासी सरस्वती विहार, गाजियाबाद, बस के ड्राइवर साइड खड़ा होकर फ्यूज ठीक कर रहा था। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में भारत की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद ट्रेलर ने दूसरी बस को भी टक्कर मार दी, जिससे बस ड्राइवर फरमान पुत्र शाहिद घायल हो गया। उसे पहले पिनान सीएचसी ले जाया गया, जहां से अलवर जिला अस्पताल रेफर किया गया। यात्रियों को तीसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। हादसा दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 137 के पास हुआ। पुलिस ने शव को रैणी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। खड़े ट्रेलर में घुसी कार दूसरा हादसा शनिवार सुबह चैनल नंबर 136 के पास हुआ। यहां एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रेलर में पीछे से एक कार जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार सवार भीलवाड़ा के प्रतापगढ़ निवासी कमलेश पुत्र जगदीश की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार विक्रम, राजू और मस्ती घायल हो गए। तीनों को रैणी अस्पताल ले जाया गया, जहां से अलवर हायर सेंटर रेफर किया गया। सूचना पर रैणी पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर एक्सप्रेसवे पर यातायात सुचारू कराया। (इनपुट;हेमंत गुप्ता)