दिल्ली के पांडव नगर इलाके से शनिवार को अगवा किए गए आठ महीने के बच्चे को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक दंपती समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
क्या था पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, बच्चे की मां ई-रिक्शा चलाती है। घटना वाले दिन वह काम पर गई थी और बच्चा घर पर केयरटेकर की देखरेख में था। इसी दौरान एक व्यक्ति बच्चे को लेकर फरार हो गया। मां की शिकायत पर मंडावली थाने में अपहरण का मामला दर्ज किया गया था।
केयरटेकर की भूमिका और जांच
केयरटेकर ने पुलिस को बताया कि वह सुबह करीब 11:30 बजे गणेश नगर में सामान खरीदने गई थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात एक अनजान व्यक्ति से हुई, जो मौका पाकर बच्चे को ले भागा। पुलिस ने तुरंत मामले की जांच शुरू की और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक व्यक्ति बच्चे को ले जाते हुए दिखाई दिया। पूछताछ और ऑटो चालकों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस के तार अक्षरधाम की तरफ जुड़े।
कैसे पकड़े गए आरोपी?
जांच के दौरान पुलिस एक मिनी ट्रक ड्राइवर ऋषिपाल (40) तक पहुंची, जो मूल रूप से मथुरा का रहने वाला है। पुलिस पूछताछ में पता चला कि ऋषिपाल ने बच्चे को अलीगढ़ के वाजिदपुर गांव में छत्रु (50) नाम के व्यक्ति को सौंपा था।
पुलिस के अनुसार, छत्रु पेशे से किसान है और आरोपी ऋषिपाल का दूर का रिश्तेदार है। छत्रु की पत्नी कुसमा (45) भी इस साजिश में शामिल थी। पुलिस ने अपहरण के 24 घंटे के भीतर ही बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
वारिस की चाहत बनी वजह
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी दंपती (छत्रु और कुसमा) की पहले से तीन बेटियां हैं। वे अपनी विरासत आगे बढ़ाने और बुढ़ापे के सहारे के लिए बेटा चाहते थे। इसी चाहत में उन्होंने करीब एक साल पहले बच्चे को पाने की साजिश रची थी। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपियों का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। अब पुलिस इस मामले में बाल तस्करी के कोण से भी जांच कर रही है।