मणिपुर के ताफू कुकी गांव में गुरुवार सुबह हुई गोलीबारी में 40 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गोली लगने से घायल हो गए। इसी बीच सिनाकेइथेल इलाके में भी गोलीबारी की सूचना मिली। हालांकि, वहां किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। पुलिस के अनुसार, ताफू गांव में सुबह करीब 11 बजे हुई गोलीबारी में महिला किमनेइनेंग चोंगलोई (40) की मौत हो गई। महिला धान की कटाई कर रही थी, तभी गोली लगी और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना की कमेटी ऑन ट्राइबल यूनिटी (CoTU) ने निंदा की है। आज की अन्य बड़ी खबरें… पूर्व उपराष्ट्रपति धनखड़ एम्स में भर्ती, कार्डियक और न्यूरोलॉजिकल जांच होगी पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की गुरुवार को यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में कई कार्डियक और न्यूरोलॉजिकल जांचें की गईं। डॉक्टरों की सलाह पर वे अभी अस्पताल में ही रहेंगे। 75 वर्षीय पूर्व उपराष्ट्रपति को बुधवार को एम्स में भर्ती कराया गया था। सुबह की सैर के दौरान वे अचानक गिर गए थे और बेहोश हो गए थे। सूत्रों ने बताया कि पिछली बार की तुलना में इस बार वे ज्यादा देर तक बेहोश रहे। सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को उनके स्वास्थ्य का अंतिम आकलन किया जाएगा, जिसके बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी देने के बारे में फैसला लिया जा सकता है। जम्मू-कश्मीर के पुंछ में LoC के पास लैंडमाइन मिला, बम निरोधक दस्ते ने नष्ट किया जम्मू-कश्मीर के पुंछ में नियंत्रण (LoC) के पास सुरक्षाबलों ने लैंडमाइन रिकवर किया। अफसर ने बताया कि ये लैंडमाइन बालाकोट सेक्टर में रूटीन पैट्रोलिंग के दौरान मिला। बाद में बम डिस्पोजल स्क्वॉड ने इसे नष्ट किया। इसमें किसी को नुकसान नहीं पहुंचा।
जम्मू-कश्मीर में CRPF कैंप पर हमले की जिम्मेदारी पसदरान-ए-हुर्रियत ने ली जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में CRPF के अखरान कैंप पर हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन पसदरान-ए-हुर्रियत ने ली है। आतंकी संगठन ने हिंदूवादी सरकारों और RSS पर भी हमले की चेतावनी दी है। कुलगाम में कल यानी 11 नवंबर को हुए हमले में 3 जवान घायल हो गए थे। वीडियो में हमलावर 15 सेकेंड के अंदर करीब 30 राउंड फायरिंग करते नजर आए थे। सोलापुर एयरपोर्ट पर टेक ऑफ के दौरान ट्रेनी एयरक्राफ्ट रनवे से फिसला गुरुवार को महाराष्ट्र के सोलापुर एयरपोर्ट पर एक ट्रेनी एयरक्राफ्ट टेक ऑफ के दौरान रनवे से फिसल गया। हादसा तब हुआ, जब ट्रेनी पायलट टेक ऑफ करने की कोशिश कर रहा था, जिससे एयरक्राफ्ट रनवे से फिसल गया। इस घटना में पायलट को कोई चोट नहीं आई। साइट से मिले विज़ुअल्स में एयरक्राफ़्ट आगे की ओर झुका हुआ दिख रहा है और उसका अगला हिस्सा ज़मीन को छू रहा है। मोदी 16 नवंबर को मनीला जाएंगे; आसियान शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे पीएम नरेंद्र मोदी 16 नवंबर को तीन दिन के दौरे पर मनीला जाएंगे। वहां वे वार्षिक भारत-आसियान शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस सम्मेलन में समुद्री सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने और व्यापार तथा निवेश संबंधों को बढ़ाने पर मुख्य रूप से चर्चा होने की उम्मीद है। वे वार्षिक 'ईस्ट एशिया समिट' (पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन) में भी शामिल होंगे। फिलीपींस, 11 देशों वाले आसियान (दक्षिण-पूर्व एशियाई राष्ट्रों का संगठन) के मौजूदा अध्यक्ष के रूप में इन शिखर सम्मेलनों की मेजबानी कर रहा है। मनीला में होने वाले वार्षिक 'क्वाड' (Quad) शिखर सम्मेलन में भी मोदी के शामिल होने की संभावना है, जिसमें उनके साथ ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीस, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और जापान की प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची भी हो सकते हैं। हालांकि, क्वाड शिखर सम्मेलन को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। भारत को दुनिया के सामने परंपरा पर आधारित एक नया विकास मॉडल पेश करना चाहिए: भागवत आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने गुरुवार को नागपुर में कहा कि भारत अपने पारंपरिक ज्ञान और अनुभव का इस्तेमाल करके दुनिया को एक नया विकास मॉडल दे सकता है। दुनिया अब समाधान के लिए भारत की ओर देख रही है। भागवत ने कहा, हम प्रकृति के मालिक नहीं हैं; हम इसका एक हिस्सा हैं। उन्होंने मानव जीवन, पशु स्वास्थ्य और पर्यावरण के बीच तालमेल बिठाने की जरूरत पर जोर दिया। वे नागपुर जिले के रामटेक में दत्ता मेघे फाउंडेशन के पशु चिकित्सा और कृषि कॉलेज के उद्घाटन के बाद एक सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने एक ऐसी जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया, जो केवल खुद की नहीं, बल्कि सबकी भलाई सुनिश्चित करे। भागवत ने कहा कि जीवन के प्रति हमारा नजरिया ऐसा होना चाहिए जिसमें सिर्फ 'मेरे' जीवन की नहीं, बल्कि 'सबके' जीवन की बात हो। प्रियंका गांधी ने केरलम में पद्मश्री सम्मानित किसान के परिवार से की मुलाकात कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को केरलम के वायनाड जिले के मनंतवाडी स्थित कम्मना में दिवंगत पद्मश्री सम्मानित चेरुवायल रमन के घर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके परिवार से मुलाकात की। चेरुवायल रमन आदिवासी किसान थे। उन्होंने पारंपरिक धान के बीजों को संरक्षित करने और जैव विविधता बचाने के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया था। टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने के लिए उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। कोलकाता में अभिषेक बनर्जी के घर के बाहर बना अस्थायी शेड हटाया गया, नगर निगम ने की कार्रवाई कोलकाता के पाटुआपाड़ा इलाके में TMC सांसद अभिषेक बनर्जी के घर के बाहर बना अस्थायी शेड कोलकाता नगर निगम ने हटा दिया है। इस शेड में उनके सुरक्षा कर्मियों के बैठने की व्यवस्था थी। कार्रवाई से पहले पंखे और लाइटें निकाल ली गई थीं। शेड हटाने में अभिषेक बनर्जी के समर्थकों ने भी मदद की। इससे पहले इसी जगह शेड को लेकर कोलकाता पुलिस और अभिषेक बनर्जी के बीच टकराव हुआ था। अब नगर निगम की कार्रवाई के बाद सुरक्षा कर्मियों के लिए बनाई गई अस्थायी व्यवस्था पूरी तरह खत्म हो गई है। दिल्ली में DTC की इलेक्ट्रिक बस में आग लगी, कोई घायल नहीं दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में बुधवार रात DTC की इलेक्ट्रिक बस में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी बस उसकी चपेट में आ गई। बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। यह घटना शास्त्री पार्क अंडरपास के पास हुई। राहत की बात यह रही कि आग लगने के समय बस में कोई यात्री मौजूद नहीं था। हादसे में किसी के घायल होने या मौत की खबर नहीं है।
National
भास्कर अपडेट्स:मणिपुर के ताफू कुकी में गोलीबारी, महिला की मौत, दो घायल; सिनाकेइथेल में भी फायरिंग की खबर
मणिपुर के ताफू कुकी गांव में गुरुवार सुबह हुई गोलीबारी में 40 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गोली लगने से घायल हो गए। इसी बीच सिनाकेइथेल इलाके में भी गोलीबारी की सूचना मिली। हालांकि, वहां किसी के हताहत हो...