नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों के आसपास 10 अक्टूबर को ट्रैफिक जाम का असर रेल यातायात पर भी पड़ा है। इसके चलते पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल से गुजरने वाली 7 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जबकि 2 ट्रेनें करीब 5 घंटे तक की देरी से चलेंगी। ट्रेनों के रद्द होने और देरी से चलने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर चेक कर लेना चाहिए। सीनियर डीसीएम सौरभ जैन के अनुसार, प्रभावित ट्रेनों में इंदौर, मुंबई, उदयपुर, कोटा और दिल्ली के बीच चलने वाली ट्रेनें शामिल हैं। यात्रा से पहले चेक करें ट्रेन का स्टेटस रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि स्टेशन के लिए रवाना होने से पहले ट्रेन की ताजा स्थिति जरूर जांच लें। इसके लिए नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 की मदद ली जा सकती है।