भंवरगढ़| जमीन विवाद को लेकर हुई चाकूबाजी की घटना में फरार चल रहे आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर बुधवार को ग्रामीणों ने भंवरगढ़ थाने पहुंचकर पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। जिसमें बताया कि कुछ दिन पूर्व आपसी जमीनी विवाद को लेकर चाकूबाजी की घटना हुई थी। घटना में दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायलों को उपचार के लिए कोटा रैफर किया गया। जहां उनके पेट और गले के ऑपरेशन किए गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार जानलेवा हमले के आरोपी घटना के बाद से फरार हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश की जा रही है। ज्ञापन देने वालों में धर्मेंद्र चौधरी, नरेन्द्र चौधरी, अवलेश चौधरी, राकेश चौधरी, परमेंद्र चौधरी सहित कई ग्रामीण शामिल रहे। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले में फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।