जिला मुख्यालय पर मंगलवार को राजस्थान अकाउंट्स एसोसिएशन जिला शाखा ने अधीनस्थ लेखा सेवा संवर्ग की लंबित मांगों को लेकर सीएम के नाम कलेक्टर को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में अधीनस्थ लेखा सेवा के अधिकारियों के वेतन व कैडर विसंगति का निस्तारण करने, कनिष्ठ लेखाकारों के पे मैट्रिक्स एल-10 के स्थान पर एल-11 करने, अधीनस्थ लेखा संवर्ग के कैडर में सहायक लेखाधिकारी द्वितीय व सहायक लेखाधिकारी प्रथम को मर्ज करने तथा अधीनस्थ लेखा सेवा से राज्य लेखा सेवा में पदोन्नति अवसर बढ़ाने की मांग की गई। इस मौके पर जिलाध्यक्ष सत्यपाल सिंह ने कहा कि राज्य सरकार के अधीनस्थ लेखा सेवा में 13 हजार से अधिक लेखाधिकारी है, जिन पर राजकोष की रक्षा का दायित्व है। सरकार लेखाधिकारियों की वाजिब मांगों को लेकर कोई सकारात्मक रवैया नहीं अपना रही है। ज्ञापन देने वालो में जुगल सिंह भाटी, रामावतार माली, महेंद्र कुमार शर्मा, भागीरथ सहू, अभिषेक पारीक, कुलदीप सिद्ध, श्रीराम शेखावत, अशोक सारण, सचिन सांकृत्य, भरत सिंह, लक्ष्मण जाखड़ आदि शामिल थे।