पाली के दिवांदी गांव में आबादी के बीच से गुजर रही 11 हजार केवी हाईटेंशन लाइन को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग से लाइन को आबादी से बाहर स्थानांतरित करने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा है कि मांग पूरी नहीं हुई तो वे आगामी चुनाव में मतदान का बहिष्कार करेंगे। ग्रामीणों के अनुसार यह लाइन करीब 40 साल से घरों के ऊपर से गुजर रही है। इससे हर समय हादसे का खतरा बना रहता है। उनका कहना है कि करीब दो साल पहले स्कूल की छुट्टी के समय लाइन टूटकर नीचे गिर गई थी। हालांकि तब बड़ा नुकसान नहीं हुआ। मानसिंह ने कहा कि वर्षों से शिकायत के बावजूद सुनवाई नहीं हुई। पूर्व सरपंच हनुमानराम पटेल ने भी इसे तुरंत हटाने की मांग की। दीपक बामणिया ने कहा कि अब आश्वासन नहीं, ठोस कार्रवाई चाहिए। समाधान नहीं हुआ तो धरना दिया जाएगा।