प्रतापगढ़ में सोशल मीडिया पर धमकी भरा वीडियो डालने पर दो युवकों को हिरासत में लिया गया। बाद में पुलिस ने माफी वाला वीडियो बनवाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करवाया और दोबारा ऐसी हरकत ना करने की हिदायत दी। मामला धरियावद थाना क्षेत्र का है। वीडियो में युवक नाथूलाल मीणा धमकी देते हुए दिख रहा है। इसमें वो बोल रहा है कि 'रात में मिल मत जाना, हालत बिगाड़ देगा'। जैसे ही वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट हुआ। धरिवाद पुलिस और साइबर सेल ने युवक नाथूलाल मीणा और प्रकाश मीणा को ट्रेक किया और हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी हजारीलाल मीणा ने बताया कि ऐसे वीडियो बनाना कानूनी अपराध है। पुलिस और साइबर सेल सोशल मीडिया खातों पर लगातार नजर रख रहे हैं। ऐसी हरकत करने वालों पर नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने युवकों को ऐसे वीडियो पोस्ट करने के गलत नतीजों के बारे में समझाया। इसके बाद दोनों युवकों से माफीनामा वाला वीडियो इसलिए बनवाया गया, ताकि दूसरे युवा भी प्रसिद्धि पाने के लिए ऐसी हरकतें न करें। थाना अधिकारी ने बताया कि दोनों युवकों ने इंस्टाग्राम पर फेमस होने के लिए धमकी भरा वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था। दोनों युवकों को पुलिस ने डिटेन कर लिया है। पूछताछ के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर इस तरह के धमकी भरे वीडियो पोस्ट नहीं करने की हिदायत दी गई। साथ ही दोनों युवकों से माफी मांगने का वीडियो भी बनवाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करवाया गया है।