सिखों के छठे गुरु श्री हरगोबिंद साहिब के बंदी छोड़ दिवस पर सोमवार को नगर कीर्तन निकाला गया। यह नगर कीर्तन गुरुद्वारा मेहरगढ़, बाड़ी से गुरुद्वारा दाता बंदी छोड़ किला, ग्वालियर के लिए रवाना हुआ। धौलपुर पहुंचने पर पॉलीटेक्निक कॉलेज, बाड़ी रोड पर सिख समाज ने इसका स्वागत किया। धौलपुर में सिख समाज ने श्रद्धालुओं के लिए लंगर लगाया। इसमें सभी समाज के लोगों ने हिस्सा लिया और सेवा की। नगर कीर्तन में श्रद्धालुओं में काफी उत्साह दिखा। सिख समाज के मुताबिक मुगल बादशाह जहांगीर ने गुरु हरगोबिंद साहिब को ग्वालियर किले में कैद किया था। गुरु साहिब ने अपनी रिहाई के समय अपने साथ कैद 52 राजाओं को भी मुक्त कराया था। इसी घटना की याद में हर साल बंदी छोड़ दिवस मनाया जाता है। धौलपुर में समाजबंधुओं ने नगर कीर्तन का उत्साह से स्वागत किया। इस मौके पर सिख समाज ने सेवा, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया।