धौलपुर में बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर भाजपा ने एक कार्यक्रम किया। यह हाउसिंग बोर्ड चौकी के पास आयोजित हुआ, जिसमें प्रभारी मंत्री और गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम शामिल हुए। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष राजवीर सिंह राजावत, पूर्व विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा, सुखराम कोली और भाजपा प्रत्याशी नीरजा शर्मा समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया, जिसके बाद प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन भी सुना गया। कार्यक्रम के समापन पर हाउसिंग बोर्ड तिराहे पर एक भव्य द्वार का शिलान्यास हुआ। बाद में, प्रभारी मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने पत्रकार वार्ता में प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन को देश सेवा के प्रति समर्पित बताया। पत्रकार वार्ता के बाद प्रभारी मंत्री ने आगामी पंचायत चुनाव की तैयारियों पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से चर्चा की। इस दौरान कई संभावित उम्मीदवारों ने भी उनसे मुलाकात की।