धौलपुर के पायलेन का पूरा गांव में गुरुवार को एक छप्परपोश मकान में आग लग गई। अज्ञात कारणों से लगी इस आग में विधवा महिला सरोज देवी का हजारों रुपए का घरेलू सामान जलकर खाक हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा अनाज और कपड़े भी जल गए। धुआं और लपटें देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस भी वहां पहुंची। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक ज्यादातर सामान जल चुका था। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित महिला को आर्थिक सहायता और मुआवजा देने की मांग की है। पुलिस ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।