धौलपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम हाईवे-11 पर एक सड़क हादसे में 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। इस दुर्घटना में 4 अन्य लोग घायल हो गए। हादसा एक पिकअप वाहन द्वारा कार को टक्कर मारने से हुआ। मृतक की पहचान कोटरा बसेड़ी निवासी विष्णु पुत्र गोपाल के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कार में सवार लोग लवकुश को इलाज के लिए धौलपुर लाए थे। बुधवार शाम इलाज के बाद वे सभी अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान हाईवे-11 पर प्याऊ के समीप सामने से आ रही एक पिकअप ने उनकी कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए। इस हादसे में विष्णु को गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौत हो गई। घायलों में रामवीर पुत्र भगवान सिंह, मीना पत्नी रामसेवक, लवकुश पुत्र रामसेवक और कमलेश पत्नी रामावतार शामिल हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने तत्काल घायलों को संभाला और उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें आगे के इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है। मृतक के शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी जुटाई और हादसे के कारणों की जांच प्रारंभ कर दी है।