धौलपुर में जयपुर डिस्कॉम के SE विवेक शर्मा ने मंगलवार को मचकुंड रोड स्थित वृत कार्यालय में एक विशेष जनसुनवाई की। इसमें बिजली बिल से जुड़े 31, VCR के 19 और बिजली से संबंधित 4 अन्य मामले सामने आए। कुल 54 शिकायतों में से 46 को मौके पर ही सुलझा दिया गया। बाकी समस्याओं को सात दिन में सुलझाने का भरोसा दिया गया है। जनसुनवाई में ऐसे उपभोक्ता भी शामिल हुए जिनके कनेक्शन कटे हुए थे या जो नियमित कनेक्शन वाले थे। उन्होंने बिलों में गड़बड़ी और अन्य शिकायतें बताईं। रिकॉर्ड की जांच के बाद नियमों के हिसाब से मामले सुलझाए गए। बिल ठीक होने के बाद कई उपभोक्ताओं ने मौके पर ही पैसे जमा कराए। 20 नए और पुराने कटे हुए कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं ने बकाया बिल और लंबित VCR की रकम भी जमा की। इससे डिस्कॉम को करीब 4 लाख रुपए का राजस्व मिला। SE विवेक शर्मा ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के राजस्व वसूली लक्ष्य को पूरा करने और उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी समस्याओं को स्थानीय स्तर पर सुलझाने के लिए ऐसी विशेष जनसुनवाई की जा रही हैं। यह जनसुनवाई सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चली। उपखंड स्तर के बिजली घरों पर भी ऐसे कैंप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कटे हुए कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे बकाया राशि जमा कराकर नए कनेक्शन लें। इससे गर्मियों में बिजली संबंधी परेशानी से बच सकेंगे। जनसुनवाई के दौरान पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी भी दी गई। SE ने बताया कि बकायादारों के घरों में बिजली सप्लाई की जांच हो रही है। 100 यूनिट से कम बिजली खर्च करने वाले उपभोक्ताओं के घरों की भी जांच की जा रही है। ग्रामीण इलाकों में बिजली चोरी कर AC चलाने के मामलों की खास जांच हो रही है। इस दौरान AAO तपेश, ARO गणेश झा, मनीष, निशार खान सहित डिस्कॉम कर्मचारी और कई उपभोक्ता मौजूद रहे।