धौलपुर के तीर्थराज मचकुंड पर देव छठ का प्रसिद्ध लक्खी मेला बुधवार को शुरू हो गया। ऋषि पंचमी के मौके पर विभिन्न अखाड़ों और साधु-संतों ने मचकुंड सरोवर में शाही स्नान किया। संतों के स्नान के साथ ही मेले में धार्मिक कार्यक्रम तेज हो गए। ऋषि पंचमी से ही मचकुंड में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचने लगे थे। इस बार पंचमी और छठ तिथि एक साथ होने से मेले के पहले दिन ही मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों से लोग मचकुंड पहुंचे। श्रद्धालुओं ने सरोवर में स्नान किया, पूजा-अर्चना की और मंदिरों में दर्शन किए। मचकुंड के घाटों पर सुबह से ही भीड़ दिखाई दी। तीर्थराज मचकुंड पर कई जगह भंडारे भी लगाए गए, जहां श्रद्धालुओं ने प्रसाद खाया। नवविवाहित जोड़े समेत कई लोग शादी के बाद कलंगी विसर्जित करने भी मचकुंड आए। सरोवर और आसपास के मंदिरों में लगातार पूजा-अर्चना होती रही। मेले में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था पर खास ध्यान दे रहे हैं। सीओ सिटी प्रदीप नेहरा और धौलपुर कोतवाल रामकिशन यादव मेले की व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। घाटों पर गोताखोरों को भी तैनात किया गया है, ताकि स्नान के दौरान कोई हादसा न हो। पिछले साल के मुकाबले इस साल मेले में ज्यादा श्रद्धालु आने की संभावना है। मेले के पहले दिन ही बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से मचकुंड इलाके में धार्मिक उत्साह और रौनक देखने को मिली।