धौलपुर के मनियां थाना क्षेत्र में लकड़ी लेने पैदल जा रहे एक व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद वाहन ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, बाल गोविंद का पूरा निवासी विजय सिंह पुत्र हुकम सिंह ने मनियां थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके छोटे भाई हाकिम सिंह (45) रविवार 19 सितंबर की शाम करीब 7 बजे आरा के पास ईंधन के लिए लकड़ी लेने पैदल सड़क किनारे जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात वाहन के ड्राइवर ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए हाकिम सिंह को टक्कर मार दी। हादसे में हाकिम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद वाहन ड्राइवर वाहन लेकर आगरा की ओर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मृतक के भाई की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक सुनहरीलाल को सौंपी है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके ड्राइवर की तलाश में जुटी है। घटना को लेकर पुलिस आसपास के क्षेत्र में वाहन संबंधी जानकारी जुटा रही है।