धौलपुर में रविवार को 'मन से मजबूत राजस्थान' मैराथन और मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम (NMHP) धौलपुर के तहत जिला नोडल अधिकारी डॉ. सुमित मित्तल के नेतृत्व में हुई। मैराथन नगर परिषद कार्यालय से शुरू होकर मचकुंड तक पहुंची। इसमें डॉक्टरों, विद्यार्थियों, युवाओं और शहर के लोगों ने हिस्सा लिया। सभी ने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। जिला कलेक्टर श्रीनिधि बी.टी. और पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान भी मैराथन में शामिल हुए। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं और नशे से दूर रहें। आत्महत्या रोकथाम के प्रति किया जागरूक समापन पर डॉ. सुमित मित्तल ने कहा कि आत्महत्या रोकना सिर्फ मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों की जिम्मेदारी नहीं है। यह पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जोर दिया कि मानसिक तनाव, निराशा या आत्महत्या के शुरुआती संकेतों को समय पर पहचानना जरूरी है। साथ ही, जरूरतमंद व्यक्ति को सही मदद से जोड़ने के लिए समाज में 'गेटकीपर' तैयार किए जाएं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे परीक्षा के तनाव के दौरान बच्चों पर नंबरों का दबाव न डालें और उनसे खुलकर बात करें। डॉ. मित्तल ने युवाओं को बढ़ते स्क्रीन टाइम का संतुलित उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि पर्याप्त नींद, नियमित व्यायाम, खेलकूद, सामाजिक जुड़ाव और परिवार के साथ अच्छा समय बिताना मानसिक स्वास्थ्य के लिए बहुत जरूरी है। नशे से दूर रहने के लिए किया प्रेरित कलेक्टर ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य को शारीरिक स्वास्थ्य जितनी ही अहमियत मिलनी चाहिए। एसपी विकास सांगवान ने युवाओं से नशे से दूर रहने और शिक्षा, खेल व रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने को कहा। रोटरी क्लब अध्यक्ष डॉ. बी.एम. मंगल और IMA अध्यक्ष डॉ. निखिल अग्रवाल ने भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता को लोगों तक पहुंचाने में सामाजिक संस्थाओं और डॉक्टरों की अहम भूमिका है। नीलम और संदीप गुर्जर रहे विजेता मैराथन में नीलम और संदीप गुर्जर विजेता रहे। महिला वर्ग में नीलम पहले और सोनम कंसाना दूसरे स्थान पर रहीं। पुरुष वर्ग में संदीप गुर्जर पहले और दीपू कुमार दूसरे स्थान पर रहे। शारीरिक शिक्षक विमल शर्मा, रवि मोहन त्रिवेदी और सौरभ गुर्जर ने निर्णायक की भूमिका निभाई। मंच का संचालन एडवोकेट रंजीत दिवाकर ने किया। कार्यक्रम में निहालगंज थाना प्रभारी देवेंद्र शर्मा सहित IMA एवं रोटरी क्लब के पदाधिकारी, चिकित्सक, विद्यार्थी, युवा, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे।