धौलपुर में निहालगंज पुलिस ने नमकीन फैक्ट्री संचालकों पर जानलेवा हमले के मामले में 5-5 हजार रुपए के 2 इनामी आरोपी रजना और ऑफिसर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई अल्टो कार, बाइक और डंडे जब्त किए हैं। यह घटना 21 अगस्त को हुई थी। फैक्ट्री संचालक की रिपोर्ट के अनुसार, शाम करीब 5 बजे कुछ आरोपी अल्टो कार, थार और बाइक से आए थे। उन्होंने गेट खटखटाकर संचालक के पिता को बाहर बुलाया। आरोपियों ने बेसबॉल बैट व लाठी-डंडों से उन पर हमला किया। वे फैक्ट्री के अंदर घुसकर उनके भाई मदन से भी मारपीट कर फरार हो गए। इस मामले में दीपक और देवेंद्र उर्फ देवा को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस अब बाकी आरोपियों से पूछताछ कर रही है।