धौलपुर में सदर थाना पुलिस ने दो साल से फरार 10 हजार रुपए के इनामी साइबर ठग पीयूष उपाध्याय (22) को गिरफ्तार किया है। उसे तोप तिराहे से पकड़ा गया। पीयूष नाना साहब का बाड़ा, निहालगंज धौलपुर का रहने वाला है। एसपी विकास सांगवान ने आरोपी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। वह सदर थाना सहित जिले में दर्ज साइबर ठगी के चार मामलों में वांछित था और कोर्ट ने उसे भगोड़ा भी घोषित किया था। यह कार्रवाई महानिरीक्षक पुलिस प्रीति चंद्रा के निर्देश पर हुई। आरोपी पर सदर थाने में दो और साइबर थाने में दो मामले दर्ज हैं। इनमें साइबर ठगी, आईपीसी, बीएनएस और आईटी एक्ट की धाराएं लगी हैं। सहायक उप निरीक्षक योगेश कुमार और कॉन्स्टेबल देवेंद्र कुमार की टीम ने आरोपी को पकड़ा। पुलिस उससे साइबर ठगी नेटवर्क और अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है।