धौलपुर की निहालगंज थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में 2 इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। ये करीब 1 साल से फरार थे, जिन पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित था। इन्हें रीको एरिया धौलपुर से पकड़ा गया। 22 दिसंबर 2025 को उपेंद्र सिंह निवासी बसईडांग ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि चोपड़ा मंदिर के पास अपनी बोलेरो में बैठे थे, तभी आरोपियों ने लाठी, सरिया, हॉकी और भाले से हमला कर उन्हें बेहोश कर दिया। आरोपी गाड़ी व बाइक से फरार हो गए। निहालगंज थाने में केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने बॉबी सिंह, राममुकुट, कम्पोटर सिंह और बंटू को पहले ही गिरफ्तार किया था। सौरभ और गौरव फरार थे, जिनकी गिरफ्तारी पर एसपी धौलपुर ने इनाम रखा था। पुलिस ने 26 सितंबर 2026 को सौरभ (पुत्र राममुकुट, 25 वर्ष, निवासी रांडौली, हाल रोहिणी नगर) और गौरव (पुत्र कम्पोटर, 25 वर्ष, निवासी रोहिणी नगर) को रीको एरिया से गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार शर्मा के नेतृत्व में योगेंद्र कुमार, कॉन्स्टेबल सौरभ, धर्मेंद्र शर्मा और दिनेश की टीम ने यह कार्रवाई की। गौरव पर पहले भी आर्म्स एक्ट समेत एक मामला दर्ज है।