धौलपुर में साइबर थाना पुलिस ने कोषाधिकारी कार्यालय में पेंशनरों और बुजुर्गों के लिए साइबर जागरूकता कार्यक्रम किया। 'साइबर सुरक्षित राजस्थान अभियान' के तहत इसमें ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा और उप पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार की देखरेख में पुलिस ने पेंशनरों को अनजान लिंक पर क्लिक न करने की सलाह दी। OTP, ATM/डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, UPI PIN या बैंक खाते की गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने को कहा। पुलिस ने बैंक अधिकारी, पुलिस, बिजली विभाग या दूरसंचार कंपनी के नाम पर आने वाली संदिग्ध कॉल से सावधान रहने को कहा। KYC अपडेट, पेंशन, बैंक खाता बंद होने या लॉटरी जैसे नाम पर भेजे जाने वाले लिंक से भी सतर्क रहने की सलाह दी गई। ऑनलाइन ठगी होने पर तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें। समय पर सूचना से ठगी की रकम को होल्ड या फ्रीज कराने की संभावना बढ़ जाती है।