धौलपुर पुलिस ने जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए मंगलवार को नाकाबंदी और चेकिंग अभियान चलाया। एसपी विकास सांगवान के निर्देश पर एमपी सीमा से सटे चंबल चेक पोस्ट पर कोतवाल रामकिशन यादव के नेतृत्व में विशेष नाकाबंदी की गई। इस दौरान पुलिस टीमों ने बॉर्डर से आने-जाने वाले वाहनों की गहन तलाशी ली। बैरिकेडिंग लगाकर दोपहिया और चारपहिया वाहनों के कागजात जांचे गए। चालकों व यात्रियों से पूछताछ कर संदिग्ध लोगों पर नजर रखी गई। जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी पुलिस सक्रिय रही। शहर के प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक जगहों पर पुलिस टीमों ने पैदल गश्त की। इसका मकसद आम लोगों में सुरक्षा की भावना बढ़ाना और असामाजिक तत्वों में कानून का डर पैदा करना था। पुलिस ने लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की। अधिकारियों ने बताया कि सीमाओं और मुख्य रास्तों पर निगरानी जारी रहेगी। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।