धौलपुर की सैंपऊ नगरपालिका में अध्यक्ष पद के चुनाव की तस्वीर साफ हो गई है। इस पद के लिए कांग्रेस के मुनेश और भाजपा के पप्पू बाबा के बीच सीधा मुकाबला है। दोनों प्रत्याशियों के आमने-सामने आने से नगरपालिका की राजनीति में चुनावी गतिविधियां पूरे चरम पर हैं। सैंपऊ नगरपालिका में कुल 20 पार्षद सीटें हैं। हाल ही में हुए चुनाव में कांग्रेस को 7 सीटें मिली थीं, जबकि भाजपा ने 6 सीटों पर जीत दर्ज की थी। बसपा के 3 प्रत्याशी जीते थे और 4 सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने कब्जा किया था। ऐसे में अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस और भाजपा के प्रत्याशियों के बीच मुकाबले के साथ निर्दलीय और बसपा पार्षदों की भूमिका अहम मानी जा रही है। कल होगा फैसला अध्यक्ष पद के लिए सोमवार को मतदान होगा। यह प्रक्रिया दोपहर 2 बजे तक चलेगी। मतदान खत्म होने के बाद मतगणना कर नतीजे घोषित किए जाएंगे। नगरपालिका अध्यक्ष के चुनाव को लेकर दोनों पक्ष पार्षदों से संपर्क कर समर्थन जुटाने में लगे हैं। इसके बाद 22 सितंबर को उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव होगा। उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान नगर पालिका परिषद में ही होगा। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव को लेकर नगर पालिका क्षेत्र में राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। सभी की नजरें पार्षदों के रुख पर टिकी हैं।