धौलपुर के सैंपऊ थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक युवक का शव संदिग्ध हालात में मिला। उसका शव ईंधन के लिए रखी लकड़ियों के ढेर पर उल्टा पड़ा था। पास ही उसकी बाइक खड़ी मिली, जिसमें शराब का पव्वा भी रखा था। सूचना मिलने पर सैंपऊ पुलिस मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। पुलिस के मुताबिक युवक की जेब से मिली चालान की रसीद से उसकी पहचान अमित के रूप में हुई। बताया गया कि एक दिन पहले उसकी बाइक का चालान हुआ था। अमित शुक्रवार को सैंपऊ थाने में जुर्माने की राशि जमा कराकर रसीद लेकर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसकी संदिग्ध हालात में मौत हो गई। डेढ़ साल पहले हुई थी शादी मृतक के बड़े भाई ने बताया कि अमित 3 भाइयों में दूसरे नंबर का था। वह मजदूरी के लिए पुणे जाने की तैयारी कर रहा था। उसका एक भाई पहले से पुणे में रहता है। शुक्रवार को वह धौलपुर से ट्रेन का टिकट बनवाकर लौट रहा था। अमित की शादी करीब डेढ़ साल पहले ही हुई थी। अमित की मौत से परिवार पर दुख छा गया है। उसका महज 3 महीने का बेटा है, जिसके सिर से पिता का साया उठ गया। घटना के बाद परिजनों का बुरा हाल है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद सामने आएगी।