धौलपुर में शारदीय नवरात्र की शुरुआत के साथ ही शहर में भक्ति का माहौल छा गया है। प्रमुख देवी मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालु पहुंचने लगे। झोर वाली माता मंदिर, कचहरी परिसर स्थित संतोषी माता मंदिर और जगदीश टॉकीज के पास मां कैलादेवी मंदिर सहित कई मंदिरों में भक्तों ने पूजा-अर्चना की। नवरात्र के पहले दिन मंदिरों में काफी उत्साह दिखा। नवरात्र को लेकर शहर के बाजारों में भी रौनक है। लोग घरों में घट स्थापना और पूजा के लिए मिट्टी की प्रतिमाएं और पूजा सामग्री खरीद रहे हैं। मंदिरों में भी सजावट और विशेष पूजा की तैयारियां चल रही हैं। अगले नौ दिनों तक मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों की पूजा की जाएगी। श्रद्धालु व्रत रखकर परिवार की सुख-समृद्धि और शांति की कामना करेंगे। कुछ भक्त पूरे नौ दिन व्रत रखेंगे, जबकि कुछ पहले और आखिरी दिन उपवास करेंगे।