धौलपुर के निहालगंज थाना क्षेत्र में चोरों ने एक जनरल स्टोर को निशाना बनाया। यहां से करीब 80 हजार रुपए की नकदी चोरी हो गई। चोर दुकान के ताले तोड़कर अंदर घुसे थे। चोरी की यह पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार रात के समय 2 चोर दुकान के पास पहुंचे। उन्होंने दुकान के ताले तोड़े और अंदर घुस गए। चोरों ने दुकान में रखे सामान को खंगाला और गल्ले में रखी करीब 80 हजार रुपए की नकदी चुरा ली। वे दुकान में रखी 100 रुपए के नोटों की माला भी अपने साथ ले गए। दुकान खोलने पहुंचा संचालक तो उड़े होश सुबह जब दुकान खोलने पहुंचे संचालक को चोरी का पता चला, तो उन्होंने निहालगंज थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी देवेंद्र शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज देखी, जिसमें 2 चोर चोरी करते हुए दिख रहे हैं। पुलिस अब आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी देख रही है, ताकि आरोपियों की पहचान हो सके और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके। पुलिस ने चोरों की पहचान की कोशिशें तेज कर दी हैं। थाना प्रभारी देवेंद्र शर्मा ने जल्द ही चोरी का खुलासा करने की बात कही है।