धौलपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र में विष्णोंदा गांव के पास मंगलवार को ट्रैक्टर पलटने से एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पचगांव चौकी प्रभारी अरुण कुमार शर्मा ने बताया कि विष्णोंदा निवासी दीवान सिंह (70) पुत्र भंवर सिंह ट्रैक्टर लेकर गांव से खेत की ओर चारा लेने जा रहे थे। विष्णोंदा गांव के पास अचानक ट्रैक्टर बेकाबू होकर पलट गया। हादसे में दीवान सिंह ट्रैक्टर के नीचे दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस द्वारा पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई कराई जाएगी। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है।