डीडवाना-कुचामन में जिला कलेक्टर अवधेश मीना ने डीडवाना में सड़क दुर्घटना पीड़ितों के परिजनों को मुख्यमंत्री सहायता कोष से चेक दिए। यह सहायता राशि उन परिवारों को मिली है, जिन्होंने सड़क हादसों में अपने सदस्यों को खोया है। कलेक्टर ने नावां तहसील के हेमपुरा निवासी सुनीता और परबतसर के भवानी गांव निवासी ओम कंवर को एक-एक लाख रुपए के चेक सौंपे। इस मौके पर कलेक्टर ने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार उनके साथ है और प्रशासन की प्राथमिकता है कि पीड़ित परिवारों को समय पर आर्थिक मदद मिले। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटना सहायता से जुड़े अन्य लंबित मामलों का भी जल्द निपटारा किया जाए। इससे पात्र परिवारों को मुख्यमंत्री सहायता कोष की राशि समय पर मिल सकेगी।