डीडवाना में कांग्रेस की एक संगठनात्मक बैठक हुई। यह बैठक पूर्व विधायक चेतन डूडी के आवास पर हुई, जिसमें आगामी पंचायत समिति और जिला परिषद चुनावों की तैयारियों पर चर्चा की गई। डीडवाना पंचायत समिति के 27 वार्डों और जिला परिषद के वार्ड संख्या 6, 7, 8, 9, 10 से कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में चुनावी रणनीति, संगठन को बूथ और वार्ड स्तर पर मजबूत करने पर विस्तार से बात हुई। चुनाव लड़ने के इच्छुक कार्यकर्ताओं को आवेदन पत्र भी दिए गए। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से कहा कि क्षेत्र में कांग्रेस के लिए उत्साह है। उन्होंने बूथ और वार्ड स्तर पर सक्रिय भागीदारी और एकजुटता से काम करने का आह्वान किया। संभावित दावेदारों और कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों को लेकर सुझाव भी लिए गए। पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से संगठन के हित में सक्रिय रहने और लगातार जनसंपर्क बनाए रखने को कहा।