डीडवाना शहर में पुलिस थाने से 100 मीटर दूर खंडेलवाल भवन के सामने पैदल जा रही महिला को तेज रफ्तार क्रेन ने टक्कर मार दी। क्रेन ड्राइवर उसे करीब 20 फीट तक घसीटता हुआ आगे ले गया। अहसास होने पर ड्राइवर ने क्रेन पीछे ली, तब तक जुबेदा गंभीर घायल हो चुकी थी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायल जुबेदा को तुरंत राजकीय बांगड़ जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, पर गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई। मृत जुबेदा (55) पत्नी जब्बार, निवासी खिचिया बासनी की पहचान हुई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, यातायात संभाला। शव को अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने क्रेन ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है।