डीडवाना-कुचामन जिले में चल रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और सैंपलिंग की कार्रवाई लगातार जारी है। सीएमएचओ डॉ. नरेंद्र चौधरी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने डीडवाना शहर के कई होटलों का निरीक्षण किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी बाबूलाल, इरशाद खान और मधु यादव ने शहर के क्लार्क होटल, होटल तैयबा और झनकार होटल की जांच की। इस दौरान रसोई में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, रख-रखाव, साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को परखा गया। होटलों में पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट भी नहीं मिले जांच के दौरान क्लार्क होटल में एक्सपायर्ड सॉस और चाय मिली। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके पर ही इन्हें नष्ट करवा दिया। वहीं, होटल तैयबा और झनकार होटल की रसोई में खाना बनाने वाले इलाके में साफ-सफाई की कमी पाई गई। इसके अलावा, इन होटलों में पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट और पानी की जांच से जुड़े दस्तावेज भी मौके पर नहीं मिले। सब्जियों की ग्रेवी का सैम्पल लिया कमियां मिलने पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने इन होटलों के संचालकों को इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किए। संचालकों को तय प्रक्रिया के तहत कमियां दूर करने और खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान रसोई में सब्जियों की ग्रेवी का एक नमूना भी जांच के लिए लिया गया। इस नमूने को नियमों के मुताबिक खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्कूल से दूध पाउडर का सैम्पल भी लिया इसी कार्रवाई के दौरान मिड-डे मील में पन्नाधाय बाल गोपाल योजना के तहत दिए जा रहे दूध पाउडर का एक नमूना भी राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय से लिया गया। इस नमूने को भी जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। विभाग ने साफ किया कि जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण और सैंपलिंग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।