डीडवाना-कुचामन साइबर पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का खुलासा किया है, जो फेसबुक पर पुराने एंटिक सिक्के और नोट करोड़ों रुपए में खरीदने का झांसा देकर लोगों से ठगी करता था। पुलिस ने इस मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से ठगी के 11 लाख रुपए भी जब्त किए गए हैं। इस गिरोह ने डीडवाना-कुचामन जिले के एक व्यक्ति से पुराने सिक्के और नोट सवा दो करोड़ रुपए में खरीदने का वादा कर करीब 13 लाख रुपए ठगे थे। पुलिस ने बताया कि आसपुरा, कुचामन सिटी के रहने वाले बन्नाराम ने 12 अगस्त को साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत की थी। उन्होंने बताया कि कुछ अज्ञात लोगों ने फेसबुक पर पुराने एंटिक सिक्के और नोट ज्यादा कीमत पर खरीदने का विज्ञापन दिया। इसके बाद उन्हें झांसे में लेकर अलग-अलग बहाने से करीब 13 लाख रुपए ठग लिए। इस शिकायत पर डीडवाना-कुचामन साइबर पुलिस थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। लगातार ठिकाने बदलते रहते थे बदमाश मामले की साइबर थाना प्रभारी भानु प्रताप सिंह राठौड़ की टीम ने जांच की। टीम ने बैंक खातों की जानकारी जुटाई और उनकी जांच की। तकनीकी सबूतों के आधार पर पुलिस ने 2 आरोपियों को पकड़ा। इनमें अलवर के लक्ष्मणगढ़ के सपेरा बास, जोना खेड़ा निवासी समसु (57) और डीग के केथवाड़ा, खेड़ा बास निवासी रहीश (42) शामिल हैं। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी अपनी पहचान छुपाकर जंगल और पहाड़ी इलाकों में लगातार जगह बदलते रहते थे। वे फेसबुक पर पुराने सिक्के और नोट खरीदने के लुभावने विज्ञापन डालते थे, जिससे लोग उनके झांसे में आ जाते थे। विज्ञापन देखने वाले लोगों से फर्जी सिम और व्हाट्सएप नंबर के जरिए संपर्क किया जाता था।