डीडवाना-कुचामन पुलिस ने नवरात्रि पर्व पर महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा के लिए विशेष तैयारी की है। पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान के निर्देश पर जिलेभर में 'शक्ति सुरक्षा अभियान' शुरू किया गया है। इसके तहत गरबा-डांडिया स्थलों, धार्मिक जगहों और बाजारों में पुलिस की निगरानी बढ़ाई जाएगी। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक लता मनोज कुमार के निर्देशों पर यह अभियान चल रहा है। इसमें आयोजन खत्म होने के बाद घर लौट रही महिलाओं की सुरक्षा पर भी खास ध्यान दिया जाएगा। प्रमुख जगहों पर 'कालिका पेट्रोलिंग' टीमें और महिला पुलिसकर्मी तैनात होंगी। पुलिस सादे कपड़ों में भी निगरानी रखेगी। छेड़छाड़ या गलत व्यवहार करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आयोजकों के साथ मिलकर सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी होगी। अभियान में युवा सामुदायिक समन्वय समूह (Y-CLG) और स्थानीय लोगों का सहयोग भी लिया जाएगा। डॉ. शिवरान ने लोगों से शांतिपूर्ण नवरात्रि मनाने की अपील करते हुए संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने को कहा है।