डीडवाना में 'स्वच्छ डीडवाना, स्वच्छ भारत' अभियान के तीसरे दिन सुभाष सर्किल, वेस्ट टू वेल्थ पार्क और चुंगी चौकी क्षेत्र में श्रमदान किया गया। यह अभियान 'मेरा घर, मेरी गली, मेरा मोहल्ला, मेरा वार्ड, मेरा शहर’ के संकल्प के साथ चल रहा है। विधायक यूनुस खान ने खुद सफाई में हिस्सा लिया और लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि अभियान शुरू करना आसान है, पर उसे अच्छे नतीजे तक पहुंचाना चुनौती है। सामूहिक प्रयासों से दीपावली तक डीडवाना की तस्वीर बदलने की कोशिश होगी। 'लोगों की सोच में बदलाव लाना है मकसद' खान ने बताया कि अभियान का मकसद सिर्फ सफाई नहीं, बल्कि शहरवासियों की सोच में बदलाव लाना भी है। सभापति भंवरलाल पंवार और सभी पार्षद शहर की बेहतरी के लिए काम करेंगे। दुकानदारों से कचरा कूड़ेदान में डालने और गंदगी नहीं फैलाने की अपील की जा रही है। गंदगी फैलाने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई होगी। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया सभापति पंवार ने कहा कि डीडवाना की कायापलट के लिए 7 महीने में पूरी कोशिश करेंगे। सफाई रोज की जिम्मेदारी है, इसमें आम लोगों की भागीदारी जरूरी है। महिला पार्षदों लक्ष्मी सैनी, फजिलत बानो, मुन्नी बेगम, आशियां बानो, नेहा गौड़, बिन्दू सामरिया, आसिया बानो और उषा देवी ने भी श्रमदान किया। सफाई के बाद विधायक यूनुस खान और सभापति भंवरलाल पंवार ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। इस दौरान 'सुभाष चंद्र बोस अमर रहें' के नारे भी लगे।