डीडवाना में पंचायती राज आम चुनाव 2026 के लिए एक दिवसीय प्रत्याशी प्रबोधन कार्यशाला हुई। यह कार्यशाला राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान, जयपुर के निर्देशों पर पंचायत समिति स्तर पर आयोजित की गई थी। इसमें संभावित प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को चुनाव प्रक्रिया, नामांकन पत्र भरने के नियमों और जरूरी दस्तावेजों के बारे में बताया गया। रिटर्निंग अधिकारी राजवीर सिंह यादव ने कहा कि नामांकन पत्र दाखिल करते समय चुनाव नियमों का पूरी तरह पालन करना जरूरी है। उन्होंने प्रत्याशियों की पात्रता, योग्यता, नामांकन प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेज और आवेदन पत्र भरते समय बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। कार्यशाला में नामांकन पत्र निरस्त होने की स्थितियों पर खास चर्चा हुई। प्रत्याशियों को बताया गया कि किसी भी गलती, दस्तावेजों की कमी या प्रक्रिया का पालन न करने से नामांकन रद्द हो सकता है। इसलिए नामांकन दाखिल करने से पहले सभी जानकारी और दस्तावेजों की अच्छी तरह जांच कर लें। निर्वाचन विभाग के प्रशिक्षकों ने शपथ पत्र और अन्य दस्तावेजों को सही तरीके से तैयार करने का तरीका भी समझाया। इसका मकसद प्रत्याशियों को चुनाव नियमों के प्रति जागरूक करना और नामांकन प्रक्रिया को गलती रहित बनाना था। इस कार्यक्रम में सहायक रिटर्निंग अधिकारी सुभाष मीणा, जुल्फिकार अली और जितेंद्र स्वामी मौजूद थे। मास्टर ट्रेनर्स पंकज स्वामी, भगवत सिंह, श्रीकृष्ण मिर्धा और किशन लाल स्वामी ने प्रशिक्षण दिया। बड़ी संख्या में संभावित प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों ने इसमें हिस्सा लिया।