डीडवाना-कुचामन में महिला एवं बाल विकास विभाग ने बुधवार को जिला स्तरीय पोषण मेले का आयोजन किया। यह मेला 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक मनाए जा रहे नवम पोषण माह का हिस्सा था। इसमें डीडवाना शहर और ग्रामीण इलाकों की कई महिलाओं ने भाग लिया। विभाग के उपनिदेशक गौरव चौधरी ने बताया कि मेले में ग्रामीण महिलाओं ने स्थानीय और पारंपरिक पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई। इसके जरिए स्थानीय खाद्य पदार्थों से बनने वाले पौष्टिक आहार का महत्व समझाया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं, गर्भवती महिलाओं और छोटे बच्चों को कुपोषण से बचाना था। उन्हें स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के साथ, बच्चों के विकास की नियमित निगरानी पर भी मेले में जोर दिया गया। विशेषज्ञों ने महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य में पोषक तत्वों की भूमिका और संतुलित खान-पान के सही तरीकों पर जानकारी दी। गर्भवती और धात्री महिलाओं को पौष्टिक आहार लेने तथा बच्चों के विकास पर नजर रखने की सलाह दी गई।