डीडवाना में लक्ष्मी बाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसका मकसद छात्राओं और महिलाओं में आत्मरक्षा की भावना मजबूत करना है। राज्य सरकार की 2026-27 की बजट घोषणा के तहत यह शिविर आयोजित होगा। इसके लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बजट घोषणा के तहत पहले से चल रहे 314 रानी लक्ष्मी बाई केंद्रों के अलावा 150 और सरकारी कॉलेजों में ऐसे केंद्र बनाए जा रहे हैं। नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 से इन केंद्रों पर छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण मिलेगा। डीडवाना ब्लॉक स्तर पर गवर्नमेंट गर्ल्स कॉलेज में प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाने के लिए एक समिति बनाई गई है। इसमें मोनिका चौधरी संयोजक हैं। हिमानी पारीक, सुनीता और सुरभि उपाध्याय सहायक आचार्य इसके सदस्य हैं। काॅलेज प्रिंसिपल डॉ. इरशाद अली खान ने बताया कि शिविर का मकसद छात्राओं और महिलाओं को इमरजेंसी में अपनी सुरक्षा करने में सक्षम बनाना है। इसमें कराटे, जूडो समेत कई आत्मरक्षा तकनीकों का प्रैक्टिकल अभ्यास कराया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि डीडवाना ब्लॉक में आने वाले सभी सरकारी और प्राइवेट कॉलेजों के साथ-साथ स्थानीय शिक्षण संस्थाओं में पढ़ने वाली छात्राएं और महिलाएं इस शिविर में हिस्सा ले सकती हैं। जो छात्राएं या महिलाएं इसमें शामिल होना चाहती हैं, वे गवर्नमेंट गर्ल्स कॉलेज डीडवाना में पंजीकरण करवा सकती हैं।