भास्कर न्यूज| सकतपुर नदीपार क्षेत्र के शेरगढ़ के इतिहास, पुरातत्व, पर्यटन विकास की संभावनाओं पर विशेष सेमिनार आयोजित किया गया। इंटेक बारां चैप्टर ने बारां से शेरगढ़ तक विरासत यात्रा, सेमिनार का आयोजन किया। इतिहास व राकेश शर्मा ने पावर पॉइंट प्रजेंटेशन से शेरगढ़ के इतिहास, पुरासंपदा, कई धर्मों के स्मारकों पर प्रस्तुति दी। सेमिनार में इंटेक एडवाइजरी कमेटी के चेयरमैन विष्णु कुमार साबू मुख्य अतिथि थे। मुख्य वक्ता राकेश शर्मा ने शेरगढ़ के इतिहास, स्थापत्य, पुरातात्विक महत्व, ऐतिहासिक संदर्भों पर प्रजेंटेशन दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता इंटेक सदस्य व सामाजिक कार्यकर्ता प्रशांत पाटनी ने की। इंटेक एडवाइजरी कमेटी के सदस्य, लायंस क्लब श्रीजी के संरक्षक कुंजबिहारी नागर भी मौजूद थे। वक्ताओं ने हाड़ौती में पर्यटन विकास, पुरासंपदा संरक्षण पर विचार रखे। सेमिनार के बाद करीब 50 प्रतिभागियों ने शेरगढ़ के दोनों किलों का भ्रमण किया। राकेश शर्मा ने हर स्मारक का इतिहास, कला, निर्माण की जानकारी दी। सेमिनार में शेरगढ़ के ऐतिहासिक व पुरातात्विक महत्व के साथ यहां पर्यटन व विकास की संभावनाओं पर चर्चा हुई। विष्णु साबू और कन्वीनर जितेंद्र शर्मा ने कहा कि इंटेक बारां चैप्टर शेरगढ़ की ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित रखते हुए इसे जिले के प्रमुख हेरिटेज व पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर राज्य सरकार और संबंधित विभागों से समन्वय कर काम कराएगा। इंटेक बारां चैप्टर की वार्षिक बैठक भी हुई। जिसमें आगामी गतिविधियों, विरासत संरक्षण के काम, जिले के महत्वपूर्ण ऐतिहासिक व सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण की भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा हुई। जिले के इतिहास प्रेमियों, पुरातत्व व विरासत में रुचि रखने वाले नागरिकों, इंटेक सदस्यों से सहभागिता का आह्वान किया गया।