जिला माहेश्वरी महिला संगठन ने ग्रामीण क्षेत्र की इकाइयों को मजबूत करने के लिए बड़ीसादड़ी, बोहेड़ा और बांसी का दौरा किया। तीनों स्थानों पर स्थानीय कार्यकारिणी गठित कर उन्हें जिला संगठन से जोड़ा गया। जिलाध्यक्ष लीला अगाल ने बैठकों में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को संगठन से सीधे जोड़ना प्राथमिकता है। उन्होंने संगठन के उद्देश्य बताए और महिलाओं के स्वावलंबन से जुड़ी चल रही योजनाओं की जानकारी दी। जिला सचिव रितु सोढाणी ने संगठन के नियम समझाए और आगामी कार्ययोजनाएं रखीं। उन्होंने संगठनात्मक कार्यप्रणाली पर भी जानकारी दी। कोषाध्यक्ष भावना न्याति के अनुसार, बैठकों में सर्वसम्मति से प्रत्येक क्षेत्र के लिए अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष और संगठन मंत्री के नाम तय किए गए। बड़ीसादड़ी में अध्यक्ष साधना मालू को मनोनीत किया गया। बांसी में अध्यक्ष प्रेमलता बसेर और बोहेड़ा में अध्यक्ष मीरा माहेश्वरी को जिम्मेदारी दी गई। प्रदेश कार्यकारी समिति सदस्य चंदा नामधर ने नवमनोनीत पदाधिकारियों को दायित्व सौंपे। तीनों स्थानों पर माहेश्वरी समाज की महिलाएं बड़ी संख्या में मौजूद रहीं।