पिछले चुनाव में हेरिटेज निगम में कांग्रेस बोर्ड को समर्थन करने वाले निर्दलीय निवर्तमान पार्षदों के टिकट पर पार्टी में संशय बना हुआ है। इनमें से ज्यादातर पार्षद मुस्लिम बाहुल्य वार्डों से हैं। 5 निवर्तमान पार्षद कांग्रेस से टिकट मांग रहे हैं। बीते 1 माह से क्षेत्रीय विधायकों के पास टिकट के लिए चक्कर लगा रहे हैं। नवंबर 2020 में हेरिटेज निगम में कांग्रेस का बोर्ड बनाने के लिए 9 निर्दलीय पार्षदों ने कांग्रेस को समर्थन दिया था। हेरिटेज में 100 वार्ड में 9 निर्दलीय पार्षदों के समर्थन और कांग्रेस के 47 पार्षदों की बदौलत मुनेश गुर्जर महापौर बनीं। भाजपा 42 वार्ड जीतकर बहुमत से तीन सीट पीछे थी। इनमें 5 पार्षद इस बार कांग्रेस से टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। एक-दो नामों पर ही सहमति बन पाई है। कांग्रेस प्रत्याशियों की पहली सूची शुक्रवार को जारी कर सकती है। इसमें ऐसे वार्डों के प्रत्‍याशियों के नाम होंगे, जहां दावेदारी मजबूत है। ये मांग रहे कांग्रेस से टिकट: मो. जकरिया शेरम, रोहित चावरिया, मो. अकबर पठान, मो. अजम बानो के पति अख्तर और राबिया गुडएज टिकट की दावेदारी कर रहे हैं।