दलीप ट्रॉफी के फाइनल में ईस्ट जोन ने साउथ जोन के खिलाफ 584 रन की बढ़त बना ली है। इसके साथ ही टीम ने खिताब जीतने की तरफ कदम बढ़ा दिए हैं। अगर मैच ड्रॉ होता है, तो भी पहली पारी की बढ़त के आधार पर ईस्ट जोन को विजेता घोषित किया जाएगा। मैच के चौथे दिन ईस्ट जोन ने साउथ जोन की पहली पारी 336 रन पर समेट दी। पहली पारी में 708 रन बनाने वाले ईस्ट जोन को 372 रन की बढ़त मिली। टीम ने दिन का खेल खत्म होने तक दूसरी पारी में 5 विकेट पर 212 रन बना लिए हैं। पांचवे और आखिरी दिन का खेल गुरुवार को सुबह 9:30 बजे से मैच शुरु होगा। ईशान किशन ने 80 रन बनाए, सूर्यवंशी नहीं चलें पहली पारी में 270 रन की पारी खेलने वाले ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने दूसरी पारी में भी 80 रन बनाए। एमडी निधीश की गेंद पर आउट होने से पहले उन्होंने अपनी पारी में 9 चौके और 3 छक्के लगाए। पहली पारी में 44 रन की पारी खेलने वाले वैभव सूर्यवंशी दूसरी पारी में सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए। वे साउथ जोन के गेंदबाज त्रिपुरन विजय की गेंद पर स्टंप आउट हुए। उन्होंने 16 गेंद की पारी में एक चौका लगाया। तिलक वर्मा 1 रन से शतक से चूके इससे पहले साउथ जोन की टीम 336 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम ईस्ट जोन के खिलाफ पहली पारी के आधार पर 372 रन से पिछड़ गई है। साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा सिर्फ 1 रन से शतक से चूक गए। तिलक को 99 रन पर ईस्ट जोन के एमडी कौनैन कुरैशी ने अपनी ही गेंद पर कैच आउट कर पवेलियन भेजा। ईस्ट जोन के लिए मुकेश कुमार ने 3 और मोहम्मद शमी सहित तीन गेंदबाजों ने 2-2 विकेट लिए। पडिक्कल ने 62 रन की पारी खेली मैच के तीसरे दिन बल्लेबाजी करने उतरी साउथ जोन की शुरुआत खराब रही। टीम ने 10 रन के स्कोर पर रिकी भुई (1) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद नारायण जगदीशन और देवदत्त पडिक्कल ने दूसरे विकेट के लिए 60 रन जोड़े। जगदीशन 32 रन बनाकरआउट हुए। पडिक्कल और शेख रशीद ने तीसरे विकेट के लिए 56 रन जोड़े। रशीद 27 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल 62 रन बनाकर आउट हुए। तिलक और श्रेयस गोपाल ने 66 रन की साझेदारी की कप्तान तिलक वर्मा ने रविचंद्रन स्मरण (23) के साथ पांचवें विकेट के लिए 45 रन जोड़े। तिलक और श्रेयस गोपाल (26) ने छठे विकेट के लिए 66 रन की साझेदारी की। दिन का खेल खत्म होने पर तिलक वर्मा 56 रन और चामा मिलिंद 2 रन बनाकर नाबाद हैं। ईस्ट जोन के लिए मोहम्मद शमी और मुकेश कुमार ने 2-2 विकेट झटके। शिखर मोहन को एक विकेट मिला। पहली पारी में ईशान का दोहरा शतक ईस्ट जोन की ओर से पहली पारी में कप्तान ईशान किशन ने 270 रन बनाए। उन्होंने 334 गेंदों का सामना करते हुए 30 चौके और 7 छक्के लगाए। उनके अलावा कुमार कुशाग्र ने भी शतक लगाया। उन्होंने 101 रन की पारी खेली शिखर मोहन ने 85 रन और अभिमन्यु ईश्वरन ने 72 रन बनाए। वैभव सूर्यवंशी ने भी 37 गेंदों पर 44 रन की तेज पारी खेली। दोनों टीमों की प्लेइंग-11 ईस्ट जोन: अभिमन्यु ईश्वरन, वैभव सूर्यवंशी, कुमार कुशाग्र, सुदीप कुमार घरामी, शिखर मोहन, ईशान किशन (विकेटकीपर/कप्तान), एमडी कौनैन कुरैशी, अनुकूल रॉय, मोहम्मद शमी, अभिजीत के सरकार, मुकेश कुमार। साउथ जोन: रिकी भुई, नारायण जगदीसन (विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, शेख रशीद, तिलक वर्मा (कप्तान), स्मरण रविचंद्रन, श्रेयस गोपाल, त्रिपुराना विजय, मोहम्मद सिराज, चामा वी मिलिंद, एमडी निधिश। ---------------------------------------------- स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… भारत 35 महीने से ICC वनडे रैकिंग में टॉप पर:सितंबर 2023 में पाकिस्तान को पीछे छोड़ा, तब से नंबर-1; न्यूजीलैंड दूसरे स्थान पर भारतीय टीम ने ICC वनडे टीम रैंकिंग में नंबर-1 की पोजिशन बरकरार रखी है। ताजा रैंकिंग में उसके 116 रेटिंग पॉइंट्स हैं। न्यूजीलैंड 109 रेटिंग के साथ दूसरे और ऑस्ट्रेलिया 102 रेटिंग के साथ तीसरे नंबर पर है। पूरी खबर पढ़ें…